लखनऊ। डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती जरूरत को देखते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने बड़ा कदम उठाया है। मिशन ने ओरेकल यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी कर ‘एआई फॉर ऑल’ अभियान शुरू किया है, जिसके तहत अब प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का कोई भी नागरिक निशुल्क ऑनलाइन एआई प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेगा।मिशन निदेशक पुलकित खरे की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह कोर्स खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो एआई की बुनियादी समझ विकसित करना चाहते हैं। ‘ट्रेनिंग एंड असाइनमेंट’ नाम से शुरू किए गए इस प्रशिक्षण कोर्स को तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का ऑनलाइन मूल्यांकन होगा और सफल अभ्यर्थियों को आधिकारिक प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। प्रदेश सरकार इस योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भी सक्रिय हो गई है। मिशन निदेशक ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों के समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि युवाओं, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को इस पहल से जोड़ा जा सके।