केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने पिछले दिनों एक कार्यक्रम में शिरकत की।
साथ-साथ बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश के मंत्री के सामने उनके विभाग की खूब धज्जियां उड़ाईं।
प्रदेश सरकार पर कई आरोप लगाए, जिनके प्रदेश के मंत्री ने शिद्दत से जवाब भी दिए। पूरी पत्रकार वार्ता में दोनों के बीच धींगा-मुश्ती होती रही।
हालांकि बाद में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मंत्री दिल के काफी अच्छे हैं। इसलिए उम्मीद है कि अब चीजें सुधर जाएं।
पत्रकार वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने गिले-शिकवे दूर कर एक ही मेज पर खाना भी खाया।
इसके बाद कुछ देर अकेले में गुफ्तगू भी की। इस पर वहां मौजूद लोगों ने कहा, ऐसी राजनीति ठीक है। मुद्दों का विरोध और खाने की टेबल पर साथ-साथ...।