मुजफ्फरनगर जनपद निवासी सोनू पाल ट्रक पेशे से ट्रक ड्राइवर है। बृहस्पतिवार को वह इटौंजा से कुर्सी रोड की तरफ जा रहा था। उसके पीछे एक कार चल रही थी। कार चालक ने ओवरटेक करने के लिए कई बार हार्न दिया। आगे जगह नहीं होने के कारण ड्राइवर सोनू पाल पास नहीं दे सका। बस इस बात पर कार सवार भड़क उठा। उसने इटौंजा के वीरपुर गांव के पास किसी तरह से ओवरटेक करने ट्रक को रोक लिया।
आरोप है कि कार चालक ने ट्रक चालक सोनू को ट्रक से घसीट कर बीच सड़क जमकर पीटा। उसका गुस्सा जब इस बात पर भी शांत नहीं हुआ तो उसने कार में रखा सरिया निकाल कर सोनू की आंख में घुसा दिया। आंख में सरिया लगते ही ट्रक चालक की आंख से खून निकलने लगा और वह सड़क पर दर्द के मारे तड़पने लगा। कार चालक की क्रूरता देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देख आरोपी कार चालक ने भागने का प्रयास किया तो भीड़ ने उसको दौड़ाकर धर लिया। स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची इटौंजा पुलिस ने सबसे पहले घायल ट्रक चालक का इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस आरोपी कार चालक को पकड़कर थाने लेकर पहुंची। पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम गोमतीनगर निवासी जिला कृषि अधिकारी वीर सिंह बताया। उसने बताया कि वह मूल रूप से हमीरपुर जनपद का रहने वाला है और मौजूदा समय में हजरतगंज स्थित कृषि निदेशालय में तैनात है। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई सरिया को बरामद करते हुए आरोपी की स्कार्पियो गाड़ी भी सीज कर दी है।