योग चैंपियनशिप के विजेता बने अग्निवीर कार्तिक शर्मा
लखनऊ। मध्य कमान योग चैंपियनशिप का समापन शुक्रवार को छावनी स्थित 11 गोरखा राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में हुआ। प्रतियोगिता में मध्य कमान की विभिन्न फॉर्मेशनों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें अग्निवीर कार्तिक शर्मा ने चैंपियनशिप में पहला स्थान प्राप्त किया। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि चैंपियनशिप में छह स्पर्धाएं हुईं। इनमें पारंपरिक योग, आर्टिस्टिक सिंगल, रिदमिक पेयर, आर्टिस्टिक पेयर, पारंपरिक ग्रुप और आर्टिस्टिक ग्रुप श्रेणियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपना कौशल व टीम भावना का परिचय दिया। चैंपियनशिप भारतीय सेना के सैनिकों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है। योग सैनिकों की शारीरिक क्षमता, लचीलापन एवं एकाग्रता बढ़ाता है। यह सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता में भी भूमिका निभाता है। चैंपियनशिप ने प्रतिभागियों को अपनी योग दक्षता दिखाने का मंच दिया। मध्य कमान सैनिकों में शारीरिक उत्कृष्टता और मानसिक दृढ़ता विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रतिकूल परिस्थितियों से जूझने की क्षमता भी बढ़ाता है।