लखनऊ। चिनहट के पासी टोला मोहल्ले में शनिवार रात बीबीडी के छात्राें का इलाके के कुछ युवकों से विवाद हो गया। इसके बाद इलाकाई युवकों ने पेट्रोल बम से हमला कर दिया। पेट्रोल बम के कुछ छर्रे एक छात्र को लगे। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोरखपुर निवासी रुद्राक्ष मिश्र बीबीडी में पढ़ते हैं और चिनहट के पानी टोला मोहल्ले में किराये पर कुछ छात्रों के साथ रहते हैं। जानकारी के अनुसार, रात 11 बजे रुद्राक्ष और उनके साथियों का मोहल्ले के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मोहल्ले के कई युवक जमा हो गए। आरोप है कि एक के बाद एक तीन पेट्रोल बम छात्रों पर आरोपियों ने फेंके। रुद्राक्ष के चेहरे, हाथ व पेट पर कुछ छर्रे लग गए। छात्रों ने फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। मारपीट और बमबाजी की सूचना मिली थी। फायरिंग की बात गलत है। आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।