लखनऊ। उड़ान स्कीम के तहत राजधानी से अजमेर, प्रयागराज व पिथाैरागढ़ के लिए उड़ानें शुरू होंगी। ढाई से तीन हजार रुपये रेंज में इनका किराया होगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी उड़ान रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत पहले लखनऊ से प्रयागराज के लिए उड़ान शुरू की गई थी, जो करीब सालभर बाद बंद हो गई। ऐसे ही स्टार एयर ने अजमेर के लिए सस्ती उड़ान शुरू की थी, लेकिन यह भी इसी वर्ष बंद हो गई। एयरलाइनों से जुड़े सूत्र बताते हैं कि लखनऊ से अजमेर व प्रयागराज के लिए सस्ती उड़ानें दोबारा शुरू होंगी। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड के पिथाैरागढ़ के लिए भी सस्ती उड़ान शुरू की जाएगी। रूट का सर्वे किया जा रहा है। यात्रियों की मांग व ट्रैफिक भी देखी जा रही है। खास बात यह है कि इन रूटों पर 80 सीटाें वाले छोटे एटीआर श्रेणी के विमानों का इस्तेमाल किया जाएगा। किराया ढाई से तीन हजार रुपये के बीच होगा।