रायबरेली। लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर जिला प्रशासन तैयार है। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ ही मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चुनाव पर नजर रखने के लिए कई टीमें बन चुकी हैं। चुनाव कराने के लिए अन्य कर्मचारियों की व्यवस्था के साथ ही इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों को भी मतदान के लिए तैयार कर लिया गया है। सिर्फ चुनाव आयोग से अधिसूचना जारी होने का इंतजार है।
जिले में मुस्तैदी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम का निरीक्षण करके व्यवस्था परखी। लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग से अधिसूचना जारी होने वाली है। इसके लिए जिला प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा है। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों को पहले ही दुरुस्त कराया गया है। नामांकन प्रक्रिया के बाद मशीनों को अपडेट किया जाएगा।
जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति के साथ ही एसडीएम के नेतृत्व में मॉडल कोड के लिए भी टीमें गठित हो चुकी हैं। मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है। चुनाव के लिए अन्य टीमें भी बनाई गई हैं।
शुक्रवार को डीएम हर्षिता माथुर और एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करके व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए। एडीएम ने बताया कि चुनाव के लिए तैयारियां की जा रही हैं। अधिसूचना जारी होते ही कार्य रफ्तार पकड़ेगा।