लखनऊ। ऑस्ट्रेलिया में पढ़ रही छात्रा को दुष्कर्म का आरोपी मुकदमा वापस लेने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से धमका रहा है। छात्रा के पिता ने मड़ियांव थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
फैजुल्लागंज की रहने वाली युवती एक निजी कॉलेज में पढ़ रही थी। तभी उसकी दोस्ती लखीमपुर खीरी निवासी आर्यन मिश्र से हुई। सितंबर 2018 में आर्यन ने जन्मदिन पार्टी के बहाने युवती को कुर्सी रोड स्थित अपने दोस्त के घर बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया था।
युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर आरोपी ने काफी समय तक उसका शारीरिक शोषण भी किया। मामले में 21 अप्रैल 2022 में आर्यन मिश्र के खिलाफ मड़ियांव थाने में केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आर्यन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुकदमे का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है।
इस बीच युवती पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गई। युवती के पिता के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपी आर्यन जमानत पर बाहर आ गया। अब वह इंस्टाग्राम पर फर्जी नाम से आईडी बनाकर उनकी बेटी को काॅल व मैसेज करके मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा है। इससे पीड़िता काफी परेशान है। युवती के पिता ने आरोपी आर्यन मिश्र के खिलाफ मड़ियांव थाने में केस दर्ज कराया है।