लखनऊ। ग्रीन गैस कनेक्शन के नाम पर एपीके फाइल भेज कर खाते से 32 लाख उड़ाने के आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस ने शुक्रवार को धनबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1.23 लाख रुपये, दो मोबाइल, छह डेबिट कार्ड, चार एयरटेल पेमेंट बैंक किट और 11 सिमकार्ड बरामद हुए हैं। एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी झारखंड के धनबाद का रहने वाला विवेक प्रताप सिंह है। मामले में नौ सितंबर को विभूतिखंड निवासी कुमुद चंद्र अग्रवाल ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुमुद के व्हाट्सएप पर मालवेयर सॉफ्टवेयर की एपीके फाइल भेजी थी। पीड़ित के फाइल डाउनलोड करते ही उसने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया था। इसके बाद खाते संबंधी जानकारी लेकर नेट बैंकिंग के जरिये उनके खाते से 32 लाख रुपये निकाल लिए थे।