रेप व हत्या के मामले में साक्ष्य के अभाव में अभियुक्त बरी। (फाइल फोटो)
- फोटो : ??? ?????
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने दस साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले में महत्वपूर्ण निर्णय पारित करते हुए अभियुक्त को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया।
न्यायालय ने नौ साल से अधिक समय से जेल में बंद अभियुक्त को रिहा करने का आदेश दिया है। अभियुक्त को 11 जनवरी 2013 को लखनऊ की एक सत्र अदालत ने दोष सिद्ध करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
हालांकि, हाईकोर्ट ने इस निर्णय को बदलते हुए कहा है कि अभियोजन ने जो साक्ष्य पेश किए वो दोष सिद्ध के लिए नाकाफी थे।
यह निर्णय न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति शमीम अहमद की खंडपीठ ने अनिल कश्यप की अपील पर पारित किया। यह मामला काकोरी थाने का है।
मृतका के पिता ने काकोरी थाने में 3 जुलाई 2007 को एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने आम तोड़ने गई उसे बेटी से दुराचार कर उसकी हत्या कर दी थी।
अभियोजन की ओर से वादी के अतिरिक्त दो प्रत्यक्षदर्शी गवाह प्रस्तुत किए थे। इनमें से एक गवाह ट्रायल के दौरान अभियोजन की ओर से पक्षद्रोही घोषित कर दिया गया था।
दूसरे प्रत्यक्षदर्शी गवाह सजीवन लाल के बयानों में विरोधाभाष थे। न्यायालय ने यह भी पाया कि सजीवन लाल के बयानों व अभियोजन पक्ष के दूसरे गवाहों के बयानों की तुलना में भी विरोधाभास है।
यह भी पाया कि मृतका का शव मिलने के स्थान व घटना के समय के बाबत भी अभियोजन कथानक में विरोधाभास है। न्यायालय ने कहा कि मामले में दुराचार के आरोप की भी पुष्टि नहीं हो सकी है।