लखनऊ। इंदिरानगर की मानस सिटी कॉलोनी निवासी अरुण कुमार त्रिपाठी ने गाजीपुर स्थित ओम प्लाजा अपार्टमेंट में संचालित वेबटेक कंपनी के डायरेक्टर दिलीप कुमार पर सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। अरुण के मुताबिक, उन्हें लोन की जरूरत थी। इस पर दिलीप ने पांच करोड़ रुपये का लोन दिलाने की बात कही और इसके बदले सात लाख रुपये खर्च होने की बात कही। आरोप है कि रकम देने के बाद भी लोन नहीं मिला। रुपये मांगने पर धमकी दी जाने लगी। अरुण की शिकायत पर गाजीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर राजेश मौर्या ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।