लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को अवैध निर्माण ढहाने पर दबंगों ने लेखपाल की धुनाई कर दी। कानूनगो के साथ धक्कामुक्की की। राजस्व टीम के साथ गई पुलिस तमाशबीन बनी रही। लेखपाल व कानूनगो ने भागकर जान बचाई। लेखपाल को चोटें आई हैं। लेखपाल ने घटना की तहरीर दी है।
लालगंज कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कुछ लोगों ने शिकायत किया कि लालूमऊ गांव में सरकारी जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्जा करके निर्माण करा रहे हैं। नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य बंद नहीं कर रहे हैं। तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस के साथ अवैध निर्माण रोकने और ढहाने गई थी।
दबंगों ने लेखपाल ऋषिकांत की पिटाई कर दी। बीचबचाव करने पर कानूनगो सत्यभवन शुक्ला के साथ धक्कामुक्की की। तहसीलदार मंजुला मिश्रा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। लेखपाल ने थाने में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी से रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा गया है।
कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।