ओवरटेक में हादसा, बुलेट सवार गंभीर
लखनऊ। कैंट में मंगलवार सुबह सकरी पुलिया के पास ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित कार आगे चल रही दो एसयूवी और एक बुलेट से टकरा गई। हादसे में बुलेट सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बिहार निवासी शुभम कुमार कार से गाजियाबाद से आ रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे कैंट में सकरी पुलिया के पास पहुंचे और एक वाहन को ओवरटेक करने लगे। इस बीच उनकी कार अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। हादसे में बुलेट चालक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव आयुष श्रीवास्तव काफी घायल हो गए। एक एसयूवी चालक रोहित यादव मामूली रूप से चोटिल हो गए। उधर, शुभम व एक अन्य एसयूवी चालक बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आयुष को अस्पताल पहुंचाया। एसीपी कैंट सुजीत दुबे ने बताया कि मामले की जानकारी आयुष के घरवालों को दी गई है। तहरीर नहीं मिली है।