लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में बुधवार दोपहर एसी का कंप्रेसर फटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा कंप्रेसर में गैस भरने के दौरान हुआ। विस्फोट में मैकेनिक जीशान और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
विवि स्थित बैंक की शाखा में हुआ विस्फोट इतना जोरदार था कि खिड़कियों के शीशे और कंप्यूटर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं, एसी के टुकडे़ बैंक परिसर में बिखर गए। धमाके की आवाज से अफरातफरी मच गई। बैंक कर्मियों ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई।
देर होती देख बैंक मैनेजर अनिल गुप्ता अन्य कर्मचारियों की मदद से घायलों को ट्रॉमा सेंटर ले गए। जानकारी के अनुसार जीशान और रंजीत के चेहरे और आंख पर गंभीर चोट आई है।
चेहरा जलने के चलते ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बर्न यूनिट में रेफर कर दिया गया।