संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अवध प्रांत ने कोचिंग संस्थानों की मनमानी और विद्यार्थियों के शोषण पर रोक लगाने के लिए नीति निर्माण की मांग उठाई है। कैसरबाग स्थित कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अवध प्रांत के मंत्री पुष्पेंद्र वाजपेई ने बताया कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एबीवीपी राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में चार प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें कोचिंग संस्थानों की मनमानी और विद्यार्थियों के शोषण पर नियंत्रण के लिए नीति निर्माण की मांग, केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया में हो रही अनावश्यक देरी पर चिंता, भारत की आंतरिक सुरक्षा और वैश्विक स्थिति पर चर्चा और विश्वविद्यालय परिसरों में बढ़ती वैचारिक अस्थिरता के समाधान संबंधी प्रस्ताव पारित हुए। इस दौरान केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शीतल, प्रांत मीडिया संयोजक विकास तिवारी, महानगर मंत्री शाश्वत सांकृत उपस्थित रहे।