सरोजनीनगर। लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में बुधवार दोपहर मजदूर ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के अली चोरा निवासी सुभाष टुडू (26) लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में कुछ अन्य साथियों के साथ रहकर मजदूरी करता था। वह पिछले चार-पांच दिनों से छुट्टी पर था। बुधवार को उसके साथी काम पर चले गए, जबकि वह कमरे में ही था। दोपहर करीब 1:30 बजे साथी मजदूर खाना खाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन लोगों ने कमरे के पीछे लगी खिड़की से जाकर देखा तो सुभाष लोहे के चैनल से साड़ी के सहारे लटका मिला। खिड़की तोड़कर कमरे के अंदर गए साथियों ने उसे नीचे उतारा और लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति का कहना है कि सुभाष ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)