काकोरी। एफसीआई उपकेंद्र पर शनिवार शाम चार बजे भाई के साथ बिजली बिल ठीक कराने पहुंची महिला से वहां के बाबू व कंप्यूटर ऑपरेटर ने कार्यालय में ही मारपीट की। महिला का आरोप है कि घूस न देने के कारण बाबू व ऑपरेटर बिल ठीक कराने के लिए तीन माह से उन्हें दौड़ा रहे थे। मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी मगर कुछ ही घंटे बाद दोनों में समझौता हो गया।
पारा की अशोक विहार काॅलोनी निवासी अजय कुमार गौतम के मुताबिक उनकी बहन इंद्रावती देवी के बिजली कनेक्शन का बिल तीन महीने पहले पांच सौ रुपये आया था। उनकी बहन एफसीआई उपकेंद्र पर बिल जमा करने गईं तो कर्मचारियों ने बिल 700 रुपये बताया। जब इंद्रावती ने बिल सही करने को कहा तो कर्मचारियों ने दूसरे दिन आने की बात कहकर टरका दिया। दो-तीन दिन बाद जब वह दोबारा पहुंचीं तो बिल 22,631 रुपये का बता दिया। तब वह शनिवार को भाई अजय के साथ पहुंचीं। बिल ठीक कराने को लेकर उपकेंद्र के बाबू से बातचीत होने लगी। आरोप है कि बाबू के साथ बैठे कंप्यूटर ऑपरेटर ने गालीगलौज शुरू कर दी। फिर दोनों लोग उनसे मारपीट करने लगे।
अधिशासी अभियंता यादवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि एसडीओ संतोष पाठक से मामले की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उधर, काकोरी इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि मामले में तहरीर मिली थी। मगर रात में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।