बख्शी का तालाब। महिगवां के पहाड़पुर गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह ट्रक का टायर फटने के धमाके से बाइक सवार पूनम देवी (30) अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। बाद में उनकी राम सागर मिश्र अस्पताल में मौत हो गई। परिजन ढाई घंटे तक पोस्टमार्टम न कराने के लिए अड़े रहे। बाद में पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घरवालों को सौंप दिया। मड़ियांव के अल्लूनगर डिगुरिया निवासी पूनम के पति दूध व सब्जी विक्रेता राम प्रकाश ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सात बजे वह बाइक पर पत्नी के साथ महिगवां नरोसा रिश्तेदारी से लौट रहे थे। कुम्हरावा-बीकेटी रोड पर पहाड़पुर गांव के पास एक ट्रक का टायर फट गया। धमाके की तेज आवाज से बाइक पर पीछे बैठी पूनम देवी घबरा गईं और अनियंत्रित होकर गिर गईं। पूनम के परिवार में पति के अलावा दो बच्चे हैं।