लखनऊ। ठाकुरगंज के गऊघाट इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से माल कस्बा निवासी सलमान (31) की मौत हो गई और उनका साथी घायल हो गया।
सलमान के चचेरे भाई नईम के मुताबिक सलमान पुणे में रहकर मोटर मैकेनिक का काम करते थे। उनके पिता वकील अहमद आईआईएम रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हैं। सलमान तीन दिन पहले पुणे से लखनऊ आया था। सोमवार शाम सात बजे वह पिता के लिए खाना लेने दोस्त के साथ बाइक से घर जा रहे थे। ठाकुरगंज स्थित गऊघाट बंबा घर के पास पीछे से अज्ञात वाहन की टक्कर सलमान की बाइक से हुई और दोनों गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया और सलमान के परिजनों को खबर दी। खबर पाकर परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि सलमान की मौत हो गई है। सलमान के परिवार में पिता के अलावा दो बहनें हैं। उनकी मां की आठ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।