बैरियर टूटने से रेलवे फाटक के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार।
मलिहाबाद। माल रोड स्थित रेलवे फाटक पर रविवार को अपराह्न लगभग तीन बजे माल की तरफ से आ रहे पिकअप डाला ने रेलवे बैरियर (बूम) में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह टूट गया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने बैरियर को ठीक कराकर यातायात चालू कराया। इस दौरान लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। रेलवे पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर टक्कर मारने वाले चालक को हिरासत में लेकर पिकअप को कब्जे में ले लिया। जीआरपी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि घटना से मलिहाबाद से माल और माल से मलिहाबाद की ओर जाने वाले वाहनों का दो घंटे आवागमन ठप रहा।