लखनऊ। नगर निगम कपूरथला चौराहे के पास पुराने पटेल पार्क कम्युनिटी सेंटर की जगह नया कम्युनिटी सेंटर बनाएगा। इस पर करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बनने से शहरवासियों को कम किराये पर वैवाहिक आयोजनों के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने बताया कि कम्युनिटी सेंटर की डीपीआर तैयार हो गई है। सदन की मंजूरी के बाद काम शुरू होगा। नए कम्युनिटी सेंटर की जमीन का क्षेत्रफल 5750 वर्गमीटर है। यह एक मंजिला होगा। खुला मैदान भी होगा। 100 से अधिक गाड़ियों के लिए पार्किंग भी बनाई जाएगी। अभी जो पुराना भवन है वह जर्जर और छोटा है।