डंपर की टक्कर से गिरा बिजली का खंभा
पारा (लखनऊ)। बुद्धेश्वर चौराहे पर सोमवार तड़के करीब 5 बजे अज्ञात डंपर ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। इससे खंभा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। खंभा गिरने से प्रभातपुरम और जाहिद नगर कॉलोनी में करीब साढ़े तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। एफसीआई उपकेंद्र के अवर अभियंता आरके चौधरी के अनुसार डंपर की टक्कर से खंभा बुद्धेश्वर से दुबग्गा जाने वाली सर्विस लाइन पर आ गिरा। इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। बिजली विभाग के अनुसार बुद्धेश्वर फीडर से विद्युत आपूर्ति जल्द ही बहाल कर दी गई और लगभग साढ़े तीन घंटे के भीतर बिजली भी चालू हो गई।