नाले के किनारे शौच करने गए एक किशोर पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मुर्तिहा वन रेंज के ग्राम सेमरी घटही निवासी अजय कुमार (15) पुत्र राम प्रताप बुधवार की सुबह लगभग 6 बजे एक नाले के पास खेत में शौच करने गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने किशोर पर पीछे से हमला कर दिया।
मगरमच्छ ने पहले युवक के सिर को जबडे़ में दबोचने की कोशिश की लेकिन उसने किसी तरह मगरमच्छ के चंगुल से अपने को छुड़ाया लेकिन उसका दाहिना हाथ जख्मी कर दिया। घायल की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी।
घटनास्थल पर वन दरोगा गणेश शंकर शुक्ला वन टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एंबुलेंस से ले जाकर सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया। जहां गंभीर स्थिति देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वन क्षेत्राधिकारी मुर्तिहा रत्नेश कुमार यादव ने बताया कि वन विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। डीएफओ के निर्देश के बाद सहायता दी जाएगी।