लखनऊ। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर फर्राटा भरने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान जारी है। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देश पर बुधवार को पुलिस ने 629 वाहनों की जांच की। इनमें 98 वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर मिले। पुलिस ने 97 वाहन मालिकों के चालान किए, जबकि एक वाहन सीज कर दिया। 69 बाइकों से साइलेंसर हटवाकर उन्हें जब्त भी किया गया। कुछ वाहन चालकों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। यह अभियान सुबह शुरू होकर रात आठ बजे तक चला। ट्रैफिक पुलिस ने एक सितंबर से शहरभर में अभियान शुरू किया था। डीसीपी के मुताबिक, एक से आठ सितंबर तक 334 बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर जब्त किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आगे भी मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।