रायबरेली। आरटीई के अंतर्गत दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई है। 869 बच्चों ने निजी विद्यालयों में मुफ्त पढ़ाई के लिए आवेदन किया है। सभी आवेदन पत्रों का सत्यापन कार्य चल रहा है जो रविवार को पूरा हो जाएगा। सोमवार को दूसरे चरण की लॉटरी निकलेगी जिसमें चयनित बच्चों का दाखिला आवंटित विद्यालयों में कराया जाएगा। तीसरे चरण की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी।
निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम आरटीई के अंतर्गत प्राइवेट स्कूलों में अलाभान्वित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों को प्रवेश दिया जाता है। हर स्कूल में कुल सीटों की 25 फीसदी सीटों पर आरटीई के तहत प्री-प्राइमरी एवं कक्षा एक में प्रवेश मिलता है।
शैक्षिक सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए चार चरण तय किए गए हैं। पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण की प्रक्रिया चल रही है जिसमें आवेदन की तिथि समाप्त हो चुकी है। तय तिथि तक 869 आवेदन आए हैं।
जिला समन्वयक (सामुदायिक) डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि 7 अप्रैल तक सत्यापन कार्य होगा फिर 8 अप्रैल को लॉटरी निकलेगी। चयनित बच्चों का दाखिला आवंटित विद्यालयों में कराया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीसरे चरण के आवेदन 15 अप्रैल से 8 मई तक होंगे जिनका सत्यापन 9 से 15 मई तक होगा और लॉटरी 16 मई को निकलेगी। चौथे चरण के आवेदन पहली से 20 जून तक होंगे जिनका सत्यापन 21 से 27 जून तक होगा और लॉटरी 28 जून को निकलेगी।
पहले चरण में 1178 बच्चे हुए लाभान्वित
आरटीई के अंतर्गत पहले चरण में 1178 बच्चे लाभान्वित हुए हैं जिनके दाखिले आवंटित स्कूलों में कराए गए हैं। जिला समन्वयक (सामुदायिक) के मुताबिक पहले चरण में 2757 आवेदन आए थे। सत्यापन में 154 आवेदन निरस्त हो गए। बाकी 2603 आवेदन पत्रों को लॉटरी में शामिल किया गया। लॉटरी 27 फरवरी को हुई जिसमें 1178 बच्चों को विद्यालय आवंटित किए गए थे।