लखनऊ। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने निधि आपके निकट 2.0 कार्यक्रम के तहत छह जिलों में प्राप्त 101 शिकायतों में से 85 का मौके पर निस्तारण किया। लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और रायबरेली जिलों में लगे शिविर में वरिष्ठ अधिकारियों ने सीधे सदस्यों की शिकायतें सुनीं। पीएफ निकासी, पेंशन, यूएएन, केवाईसी और डिजिटल क्लेम से संबंधित मामले निपटाए गए। लखनऊ के शिविर में प्रयास पहल के तहत इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे एक सदस्य को पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) सौंपा गया। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने बताया कि इस बार हितधारक जागरूकता और अंतरराष्ट्रीय श्रमिकों के अधिकारों पर विशेष ध्यान दिया गया।