तंबौर (सीतापुर)। कस्बे में रविवार की रात पिकअप की टक्कर से एक बालक की मौत हो गई। बालक पैदल ही कहीं जा रहा था। इसी दौरान पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। कस्बे के मोहल्ला नवाब साहब का पुरवा निवासी मुनीस का पुत्र तफ्सीर (10) रविवार की रात पैदल ही कहीं जा रहा था। इसी बीच मोहल्ले के निकट ही गांजर तिराहा जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रही पिकअप ने बालक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय नागरिक उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।