लालगंज (रायबरेली)। लालगंज तहसील क्षेत्र के रहने वाले 800 लोगों को लोन का झांसा देकर 22 लाख 40 हजार रुपये की ठगी की गई। ठगी करने के बाद फर्जी बैंक अधिकारी व कर्मचारी मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह ठगी के शिकार लोग लोन लेने दफ्तर पहुंचे तो वहां ताला बंद था। इससे गुुस्साए लोगों ने एक घंटे तक जमकर हंगामा किया।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहलिया मोड़ पर एक माह पहले शुभ लक्ष्मी बेनिफिट फाइनेंशियल बैंक खोली गई थी। बैंक के अधिकारियों व कर्मियों ने तहसील क्षेत्र के गांवों में जाकर 60 हजार के लोन के लिए लोगों को 2800 रुपये का बीमा कराने का झांसा दिया। झांसे में 800 लोग आ भी गए। लोन के लिए 2800 रुपये जमा भी कर दिए। ठगों ने 15 जुलाई की शाम तक उनके खाते में 60 हजार रुपये का लोन आने का आश्वासन दिया था।
सोमवार की शाम लोगों के खाते में पैसा नहीं पहुंचा तो वह मंगलवार की सुबह शुभ लक्ष्मी बेनिफिट के ऑफिस पहुंच गए। वहां दफ्तर में ताला लटकता था। यह देख सभी ने हंगामा किया। सोहवल गांव निवासी योगेश कुमार, लालू का पुरवा निवासी सोनू, चांदा की रहने वाली माया, सरेनी थाना क्षेत्र के दुर्गाखेड़ा निवासी रामकला, पूरे बौरी गांव निवासी राम प्रकाश ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बताया कि लोन दिलाने के नाम पर ठगी की गई है। पीड़ित रामलखन का कहना है कि किसी तरह पैसा जुटाकर उन्होंने जमा किया था। प्रकरण में कार्रवाई की जाए।
लालगंज कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि ठगी का शिकार लोगों से पैसा वसूलने वाले लोग कहां के रहने वाले हैं। केस दर्ज कराया जाएगा।
18 महिलाओं से सवा दस लाख की ठगी
रायबरेली। शहर क्षेत्र की रहने वाली 18 महिलाओं से 10 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की गई। पीड़ित महिलाओं ने मंगलवार को एसपी से मुलाकात करके प्रकरण की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
शहर क्षेत्र के सम्राट नगर निकट मौहारी का पुरवा की रहने वाली सबीना, के अलावा सोफिया, नाजमीन, अनीता, यासमीन, पिंकी, गंगावती, रूपरानी, लक्ष्मी, बिटाना आदि ने बताया कि भदोखर के बेलाखारा गांव की रहने वाली एक महिला के साथ मिलकर हम लोग समूह चलाते थे। आरोपी महिला के साथ विभिन्न बैंकों में पैसा जमा करते थे।
महिला अपने पति के साथ मिलकर विभिन्न बैंकों में जमा 10 लाख 25 हजार रुपये निकालकर फरार हो गई। महिला और उसके पति का कुछ पता नहीं चल पाया है। एसपी अभिषेक कुमार अग्रवाल ने सदर कोतवाल को प्रकरण की जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।