सीतापुर। तीन ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में बुधवार को 76.27 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 10 बूथों पर कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। मत पेटिकाओं को ब्लॉक मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। आठ सितंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।
प्रधान के चार पदों पर बुधवार को हुए मतदान में 5824 लोगों में से 4,442 मतदाताओं ने वोट डाला। पहला ब्लॉक की ग्राम पंचायत संडौर में प्रधान पद के लिए दो बूथों पर मतदान कराया गया। यहां 1,077 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 72 वर्षीय बुजुर्ग मुनीरा को सचिव शिव कुमार कश्यप व पुलिस कर्मी सहारा देकर बूथ तक ले गए। ऊषा देवी, ललित तिवारी, विशुन कुमार, कुशुमा देवी के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया है। हरगांव ब्लॉक की सुल्तानपुर ग्राम पंचायत के प्रधान के लिए दो बूथों पर 1098 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां से गीता देवी और पुष्पा देवी के लिए मतदाताओं ने मत डाले। ग्राम पंचायत संवेदनशील होने के कारण भारी सुरक्षा व्यवस्था मतदान स्थल पर रही।
रेउसा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोड़वा धमधमपुर में ग्राम प्रधान का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। प्राथमिक विद्यालय मे तीन बूथ बनाए गए थे। इनपर 1040 मतदाताओं ने मतदान किया। बूथ अति संवेदनशील होने के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। अर्चना व जाकीरा चुनाव मैदान में थी। इसी ब्लॉक की ग्राम पंचायत लालपुर के प्रधान पद के लिए तीन बूथों पर 1227 मतदाताओं ने मतदान किया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया 76.27 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।