इनामी कुश्ती पहलवानों ने दिखाया दमखम
महादेवा (बाराबंकी)। दंगल के अंतिम दिन शुक्रवार को दूरदराज से आए पहलवानों ने खूब दांवपेंच दिखाए। इसे देख लोग दंग रह गए। पहली कुश्ती राजस्थान के ज्वाला पहलवान व काठमांडू के देवा थापा बीच हुई। इसमें देवा ने अपने से तीन गुना भारी ज्वाला को परास्त किया। राजस्थान के पहलवान संदीप ने बाराबंकी के संजय को परास्त किया। दिल्ली के पहलवान मनजीत सिंह व देहरादून के पहलवान जल्लाद के बीच रोमांचक कुश्ती हुई। इसमें जल्लाद ने मनजीत को चित कर दिया। दर्शकों की मांग पर 5100 रुपये की इनामी कुश्ती हुई। इसमें देवा थापा ने राजस्थान के पहलवान मनोज को धूल चटा दी। शुक्रवार को दंगल में कुल 15 कुश्तियां हुईं। दंगल का मुख्य आकर्षण पंजाब के मोहम्मद अली पहलवान रहे। जिन्होंने चार मोटरसाइकिलों व ट्रैक्टर को रोका ही नहीं बल्कि ट्रैक्टर को अपने ऊपर से निकलवाकर दिखाया। उन्होंने अपनी पीठ से ट्रैक्टर के पिछले पहिये उठा दिए।