लखनऊ। राजधानी में शुक्रवार को 7 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें 6 नक्खास और एक लालबाग इलाके में मिला है। इस तरह राजधानी में कुल मरीजों की संख्या 229 हो गई है। इसमें राजधानी के मूल निवासी 148 हैं। हालांकि राजधानी के सदर इलाके में मरीजों के मिलने का सिलसिला थम गया है, लेकिन नक्खास में केजीएमयू में तैनात रही नर्स के पॉजिटिव आने के बाद इस इलाके में एक के बाद एक मरीज मिल रहे हैं। यहां शुक्रवार को भी 6 नए मरीज मिले हैं। इस तरह अकेले नक्खास में 13 मरीज हो गए हैं। इसी तरह लालबाग इलाके में सब्जी विक्रेता के पॉजिटिव पाए जाने के बाद इस इलाके के लोगों के सैंपल लिए गए थे। सब्जी विक्रेता के बाद उसकी बेटी भी पॉजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे शहर में करीब 200 लोगों के सैंपल लिए हैं।