लखनऊ। गोमतीनगर के विनीत खंड निवासी योगिता चौहान ने जालसाज पुरुषोत्तम साहू, विनय गौतम व दो अन्य के खिलाफ 69 हजार रुपये ठगने की शनिवार को एफआईआर कराई है। योगिता के मुताबिक 22 जून को टेलीग्राम पर पार्टटाइम नौकरी का मेसेज आया। इसमें टास्क के बदले बोनस की बात कही गई थी। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर योगिता को बोनस मिला। फिर उनसे प्रीपेड टास्क के नाम पर 69 हजार रुपये जमा करा लिए गए, जो चारों ने हड़प लिए। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनका ब्योरा निकाला जा रहा है।