लखनऊ। जिले में 198 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों के लिए रिकॉर्ड 6734 आवेदन मिले हैं। विभाग आवेदन पत्रों की जांच में जुटा है। यह पहली बार है जब रिक्त पदों के सापेक्ष करीब 30 गुना अधिक आवेदन आए हैं। औसतन एक पद पर 35 आवेदन, कई केंद्रों पर 100 से अधिक हैं। जिले में कुल 2730 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। पद रिक्त होने से बच्चों, धात्री व गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण और पोषाहार वितरण प्रभावित होते हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयश कुमार ने बताया कि रिक्त केंद्रों की जिम्मेदारी सहायिका संभालती है। यदि सहायिका सक्षम न हो तो पड़ोस केंद्र की आंगनबाड़ी को जिम्मेदारी दी जाती है। आवेदन जांच व मेरिट सूची के बाद जल्द तैनाती होगी। इससे केंद्रों का संचालन बेहतर तरीके से हो सकेगा।