फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उपचुनाव: मैनपुरी में 54.37 फीसदी हुई वोटिंग, रामपुर में सबसे कम तो खतौली में सबसे अधिक 56.46 प्रतिशत मतदान

Tue, 06 Dec 2022 12:14 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज शाक्य के बीच सीधा मुकाबला हुआ। रामपुर में मतदाताओं ने सुबह से ही मतदान के प्रति दिलचस्पी नहीं दिखाई। वहीं मुजफ्फरनगर की खतौली सीट पर रालोद के मदन भैया और भाजपा की राजकुमारी सैनी सहित कुल 14 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ।
विज्ञापन
खतौली उपचुनाव, khatauli Election - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सोमवार शाम छह बजे तक 54.37 फीसदी मतदान हुआ। वहीं रामपुर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में सबसे कम 33.94 फीसदी और खतौली में सबसे अधिक 56.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। उपचुनाव में एक-एक मतदान को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कश्मकश चलती रही। जिलों से लेकर लखनऊ तक शिकायतों का दौर भी चला। उपचुनाव में छिटपुट झड़प और नोकझोंक को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

विज्ञापन


मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज शाक्य के बीच सीधा मुकाबला हुआ। हालांकि वहां कुल छह उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। लोकसभा क्षेत्र के मैनपुरी, करहल, भोगांव, किशनी और जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्रों में सुबह से ही सपा और भाजपा के कार्यकर्ता मतदाताओं को लाने में जुट गए। सपा ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत कर भाजपा पर सत्ता के संरक्षण में सपा के मतदाताओं को डराने और मतदान नहीं करने देने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा की ओर से प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला से मिला। उन्होंने सपा पर मैनपुरी में अराजकता फैलाने और मतदान को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

रामपुर में मतदाताओं ने सुबह से ही मतदान के प्रति दिलचस्पी नहीं दिखाई। रामपुर में सुस्त गति से मतदान का सिलसिला देर शाम तक चला। यही वजह है कि सबसे कम 33.94 प्रतिशत मतदान हुआ। रामपुर में भाजपा के आकाश सक्सेना और सपा के आसिम राजा सहित कुल 10 उम्मीदवार के बीच मुकाबला हुआ है। मुजफ्फरनगर की खतौली सीट पर रालोद के मदन भैया और भाजपा की राजकुमारी सैनी सहित कुल 14 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ। खतौली में प्रदेश सरकार के मंत्री और पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाला। सुबह से ही मतदाताओं की बूथों पर कतार लगाना शुरू हो गईं थीं।
विज्ञापन


शांतिपूर्ण रहा प्रदेश में उपचुनाव : प्रशांत कुमार
प्रदेश लोकसभा की एक और विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि मैनपुरी लोकसभा और रामपुर व खतौली विधानसभा की सीट पर मतदान सकुशल संपन्न हो गया। इसके लिए पुलिस की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए थे। उन्होंने बताया कि इस चुनाव के लिए केंद्र से 65 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल और 33 कंपनी पीएसी को लगाया गया था। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया था। प्रशांत कुमार ने दावा किया कि उपचुनाव में कहीं भी कोई आपराधिक घटना नहीं हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें