लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के छात्रों ने बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के संबद्ध संस्थानों के 521 बीटेक छात्रों का टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) में कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। चयनित छात्र कंपनी के प्राइम, डिजिटल एवं निंजा पद पर कार्यरत होंगे। प्राइम में चयनित छात्रों को 11 लाख सालाना, डिजिटल पर सात लाख तीस हजार सालाना व निंजा पर चयनित छात्रों को तीन लाख 60 हजार सालाना का पैकेज मिलेगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। चयनित छात्रों को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बधाई दी है।