ऊंचाहार क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर में जांच करते अधिकारी। स्रोत-विभाग
रायबरेली। शासन के निर्देश पर अल्कोहल युक्त दवाओं की जांच के लिए शुक्रवार को औषधि व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ऊंचाहार में छापे मारे। एक दवा एजेंसी से 45 बोतल स्प्रिट बरामद होने के बाद उसे सील कर दिया गया। वर्ष 2021 में एक्सपायर्ड 87 इंजेक्शन फ्रिज में रखे मिले। सभी को नष्ट कराया गया। जांच के दौरान छह दवाओं के नमूने भरने के बाद 10 दवाओं की बिक्री रोक दी। पांच संचालक मेडिकल स्टोर बंद करके भाग गए। आठ दवा विक्रेताओं को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शासन की मंशा पर शुक्रवार को ऊंचाहार में छापे मारे गए। किसी भी दुकान पर टिंक्च व अल्कोहल युक्त दवाएं बरामद नहीं हुईं। जांच के दौरान यश एजेंसी में फिजीशियन सैंपल बरामद हुए। यहां 45 बोतल स्प्रिट बरामद हुई। स्प्रिट में 70 प्रतिशत अल्कोहल मिला। स्प्रिट को सील कर दिया गया। दुकान से दो दवाओं के नमूने भरने के साथ तीन दवाओं की बिक्री रोकी गई है।
उन्होंने बताया कि उत्तम एजेंसी के फ्रिज में एक्सपायर्ड इंजेक्शन बरामद हुए। ये इंजेक्शन वर्ष 2021 में ही एक्सपायर्ड हो गए थे। सभी 87 इंजेक्शनों को नष्ट कराने के साथ ही दो दवाओं के नमूने भरकर चार दवाओं की बिक्री रोक दी गई है।
अनिल मेडिकल स्टोर से दो दवाओं के नमूने भरने के साथ ही तीन दवाओं की बिक्री रोकी गई है। कई खामियां भी मिली हैं। तीनों दवा विक्रेताओं को नोटिस दिया है। दुकानें बंद करके भागे रवी मेडिकल स्टोर, वीरेंद्र मेडिकल स्टोर, सम्राट मेडिकल स्टोर, त्रिपुरारी एजेंसी समेत पांच दवा विक्रेताओं को भी नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।