लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सेवाप्रदाता कंपनी के माध्यम से कार्यरत 40 सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से हटा दिया गया है। उन्हें मानक के अनुरूप न होने का हवाला दिया गया है। सुरक्षाकर्मियों ने एक वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोबारा नौकरी पर रखने की गुहार लगाई है। नाराज कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय में कुलपति से मिलने का प्रयास किया पर मुलाकात नहीं हो पाई। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उन्हें वापस नहीं लिया गया तो वे धरने पर बैठेंगे। सुरक्षाकर्मियों के अनुसार, कुलपति जेपी सैनी ने एक पांच सदस्यीय समिति बनाई थी। इस समिति ने 40 सुरक्षाकर्मियों की लंबाई 168 सेंटीमीटर से कम पाई थी। कुलपति जेपी सैनी ने कहा कि इन कर्मचारियों की तैनाती एजेंसी के माध्यम से हुई थी। यह एजेंसी का निर्णय है और इसमें विश्वविद्यालय का कोई लेना-देना नहीं है।