रायबरेली। जिले में समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ व एआरओ) की परीक्षा के लिए 39 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 11 फरवरी को दो पालियों में 15577 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं।
जिले को 13 सेक्टर में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त हो गए हैं, जो परीक्षा के दौरान पुलिस के साथ भ्रमण करेंगे। गेट पर सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा।
समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 दो पालियों में 11 फरवरी (रविवार) को होगी। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक होगी। जिला प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। जिन 39 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां के प्रधानाचार्य केंद्र व्यवस्थापक होंगे। दूसरे विद्यालयों के स्टाफ को वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के रूप में तैनात किया गया है।
सभी परीक्षा केंद्रों में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए भी 50 फीसदी बाहरी शिक्षक तैनात किए जाएंगे। शहर क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के गेट पर दो महिला एवं दो पुरुष कर्मी तलाशी के लिए तैनात होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल भी मुस्तैद रहेगा।
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को 9 एवं 10 फरवरी को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है, ताकि सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे कराए जा सकें।परीक्षा में लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई
परीक्षा में लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई
रायबरेली। समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा को लेकर बृहस्पतिवार को ब्रीफिंग हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील सदर के सभागार में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों के साथ इस बार सह व वाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी लगाए गए हैं। लोक सेवा आयोग से आए पर्यवेक्षक अजय कुमार सिंह ने परीक्षा संबंधी सभी जरूरी दिशा निर्देशों से अवगत कराया।