गोंडा। जिले में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग एंड नेटवर्क सिस्टम योजना के अंतर्गत 2014 से सभी थानों को कोर एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर द्वारा ऑनलाइन किया जा चुका है, जिसमें मुकदमा, एनसीआर, रोजनामचा आम और थानों पर होने वाले अन्य कार्य कंप्यूटर पर किए जा रहे हैं। मगर अब जनपद गोंडा के थाने और हाईटेक होंगे, क्योंकि सीसीटीएनएस के कोर एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर वर्जन 4.5 का इंस्टॉलेशन अब जनपद गोंडा के सभी थानों में होना है। इसकी शुरुआत बीते 26 नवंबर को जिले के महिला थाने से की जा चुकी है जो कि पूरे गोरखपुर जोन में अब तक का सबसे पहला थाना है जो 4.5 में अपग्रेड किया गया है। इसी के साथ जनपद गोंडा गोरखपुर जोन का पहला जिला है, जिसने यह काम शुरू कर दिया है। इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने में जनपद गोंडा की डिस्ट्रिक्ट ई-मिशन मिशन टीम, जिसमें सभी सर्किल के कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए एवं जनपद गोंडा के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए सम्मिलित हैं। एसपी उमेश कुमार सिंह व एएसपी हृदेश कुमार के निर्देशन में यह कार्य समस्त थानों पर कोर एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर वर्जन 4.5 अपग्रेड कर शीघ्र ही संपन्न करा दिया जाएगा। इस कार्य से जनपद की पुलिस और हाईटेक होगी एवं पुलिस की कार्यप्रणाली में काफी सकारात्मक सुधार होगा, जिससे जनता को सीधा-सीधा लाभ मिलेगा। क्योंकि अब जीडी करंट डेट और टाइम पर चलेगी व रपट नंबर, मुकदमा अपराध संख्या ऑटोमेटिक जनरेट होगा, जबकि पहले यह थाने पर इंद्राज किया जाता था। इस वर्जन में और भी कई एडवांस फीचर्स है जो थानों को हाईटेक बनाने में काफी मददगार साबित होंगे।