रायबरेली। सलोन ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की यूजर आईडी व पासवर्ड से लगभग 30 हजार जन्म प्रमाणपत्र जारी करने में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। मामला पकड़ में आने के बाद सीडीओ ने बीडीओ को जांच करके तत्काल रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। संबंधित वीडीओ ने सलोन कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सलोन ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी विजय सिंह ने सलोन कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सलोन में रियाज खान का कमरा किराए पर लिया था। सरकारी अभिलेख कमरे में रखे थे। मकान मालिक के लड़के मो. जीशान खान सहज जन सेवा केंद्र संचालित कर रखा है। आरोप लगाया कि नुरुद्दीनपुर, लहुरेपुर, गोपालपुर, सिरसिरा, गढ़ी इस्लामनगर, कालू जलालपुर, सांडा सैदन, औनानीस, माधवपुर, निनैया पृथ्वीपुर के जन्म-मृत्यु की आईडी और पासवर्ड जीशान के पास था।
जन्म और मृत्यु का प्रमाणपत्र इन्हीं के द्वारा ऑनलाइन निकाला जाता था। वीडीओ का आरोप है कि जीशान ने उनकी आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग करके पंचायत से बाहर के लोगों के जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिए। पाल्हीपुर सहित अन्य गांवों में 25 हजार से 30 हजार तक फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए। आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग करके कुछ गैर प्रांतीय डिजिटल दस्तावेज जारी हो गए हैं जो जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर भारत का मूल निवासी होने की दावेदारी कर सकते हैं। वीडीओ ने संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का अनुरोध किया है।
मामला संज्ञान में आने के बाद सीडीओ अर्पित उपाध्याय ने बीडीओ सलोन को जांच करके तत्काल रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं, जिससे संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही कार्रवाई की जा सके। उधर, कोतवाल सलोन जेपी सिंह का कहना है कि सरकारी कर्मचारी पर भी मुकदमा दर्ज होना है। इसके लिए सीडीओ को पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सलोन में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी करने का मामला संज्ञान में आया है। सलोन के खंड विकास अधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ कार्रवाई की जाएगी।
- अर्पित उपाध्याय, सीडीओ