ईपीएफओ से 30 कर्मचारियों को मिले पेंशन भुगतान आदेश।
लखनऊ। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से शुक्रवार को कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश बांटे गए। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (द्वितीय) आशीष कुमार ने बताया कि इस माह 30 पेंशन भुगतान आदेश वितरित किए गए। मकसद है कि कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति वाले दिन ही पेंशन भुगतान आदेश प्राप्त हो, जिससे किसी को भी पेंशन पाने में देरी न हो। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतिष्ठानों से संपर्क कर 58 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे कर्मचारियों का विवरण प्राप्त किया जाता है। इसके लिए प्रत्येक माह प्रयास कॉन्फ्रेंसिंग होती है। नियोक्ताओं को समय पर पेंशन दावा प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत सेवानिवृत्ति से पूर्व अथवा उसी दिन ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम में पीपीओ उपलब्ध कराए जाते हैं। पेंशनधारकों को यह भी बताया गया कि वह अपना जीवन प्रमाण अब मोबाइल ऐप, बैंक, डाकघर या डाकिया के माध्यम से भी आसानी से अपडेट कर सकते हैं।