लीग में भाग लेने वाली मेजबान लखनऊ फॉल्कंस टीम का ट्रायल इन दिनों आयोजित किया जा रहा है। इकाना स्टेडियम में ट्रायल के दूसरे दिन शहर के 275 खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग में ट्रायल दिए। टीम प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार ट्रायल के तीसरे दिन यानी शुक्रवार को प्रदेश भर से खिलाड़ियों को बुलाया गया है। ऐसे में इस दिन सबसे अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। यह संख्या पांच सौ के करीब पहुंच सकती है। तीन दिनों तक चली चयन प्रक्रिया के बाद 70 खिलाड़ी अभ्यास मुकाबलों का हिस्सा बनेंगे। इन मुकाबलों के दौरान लखनऊ फॉल्कंस के आइकन खिलाड़ी पूर्व अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार समेत पूरा टीम स्टाफ मौजूद रहेगा, जो खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनेगा। प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ सात खिलाड़ियों को लखनऊ फॉल्कंस टीम में शामिल किया जाएगा।