लखनऊ। शहर के स्पोर्ट्स गैलेक्सी स्टेडियम में शनिवार को खिलाड़ियों ने अंडर-19 क्रिकेट के लिए ट्रायल दिया। लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन (एलसीए) की देखरेख में आयोजित इस ट्रायल में पहले दिन करीब 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया। एलसीए के संयुक्त सचिव सभांशु कुमार ने बताया कि बीबीडी लीग और पिछले वर्ष के इंटर-डिस्ट्रिक्ट मुकाबलों के आधार पर 50 खिलाड़ियों का ट्रायल मैचों के लिए चयन पहले ही किया जा चुका है। इन खिलाड़ियों के बीच ट्रायल मुकाबले मंगलवार से खेले जाएंगे। एलसीए को अंडर-19 टीम की अंतिम सूची 25 मार्च तक उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को सौंपनी है। ट्रायल के दौरान चयनकर्ता के रूप में यूसुफ अली, मूसी रजा, अभिनव दीक्षित और अरुण शर्मा मौजूद रहे।