लखनऊ। सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले इंदिरानगर के नीरज प्रताप सिंह को हुसैनगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी गैंगस्टर के मामले में फरार था और उस पर 25 हजार का इनाम भी था। पुलिस ने उसके पास से एक स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया। आरोपी मूलरूप से बस्ती के डुबौलिया का रहने वाला है।
डीसीपी मध्य अर्पणा रजत कौशिक के मुताबिक, एक जनवरी को हजरतगंज थाने में सुलतानपुर के अवनीश कुमार तिवारी, हजरतगंज के आशीष चौहान, बदायूं के पवन शर्मा, इंदिरानगर के नीरज प्रताप सिंह, आलमबाग के अखिलेश कुमार और पीजीआई के भूपेंद्र सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज हुआ था।
सरगना अवनीश साथियों के साथ मिलकर ऑन शोध संस्थान के नाम से एक दफ्तर खोला था। सरकारी नौकरी के नाम पर एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी कर चुका था।
28 अप्रैल को अवनीश तिवारी की 15 लाख की संपत्ति भी जब्त की गई थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार नीरज इंदिरानगर इलाके में छुपकर रह रहा है। हुसैनगंज पुलिस ने आरोपी नीरज को इंदिरानगर स्थित सिटी कॉम्प्लेक्स के पास से दबोच लिया।