लखनऊ। जिले के पालतू पशुओं को गला घोंटू रोग से बचाने के लिए अब तक 2.45 लाख पशुओं को टीका लगाया जा चुका है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि जिले में 5.15 लाख पालतू पशु (गोवंशीय व महीस वंशीय) हैं। बरसात शुरू होने के साथ ही इनमें गला घोंटू, खुरपका, मुंहपका रोग लगने की आशंका बढ़ जाती है। गला घोंटू रोग से बचाव के लिए विभाग ने एक जून से टीकाकरण अभियान शुरू किया है। 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत अब तक 2.45 लाख पशुओं को टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही पशुओं को खुरपका व मुंहपका रोग से भी बचाव का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि वह पशु चिकित्सक टीम से संपर्क कर पशुओं का टीकाकरण करा लें। (माई सिटी रिपोर्टर)