लखनऊ। 12वीं ला-मार्टीनियर फुटबॉल लीग का आगाज 12 अक्तूबर से होगा। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में इस बार 24 टीमें मैदान पर उतरेंगी। लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में होने वाली प्रतियोगिता का फिक्सचर ड्राॅ चार अक्तूबर को जारी किया जाएगा। लीग चरण के बाद प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी। प्रतियोगिता के लीग मुकाबले ला-मार्टीनियर के पोलो ग्राउंड पर खेले जाएंगे। आयोजन सचिव केएन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में टीमों को चार पूलों में बांटा गया है। इसमें व्हाइट ईगल, कॉल्विन कॉलेज, एसएमआरजे एफसी, अवध फाल्कन ए, यूनाइटेड एफसी और लखनऊ वॉरियर्स शामिल समेत 24 टीमें हैं। लीग चरण में टीमों के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक पूल से दो-दो शीर्ष टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी। यहां हारने वाली टीम का सफर समाप्त हो जाएगा, जबकि विजेता टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। टीमों के लिए अंक जुटाने के साथ गोल अंतर और लगातार अच्छा प्रदर्शन भी अहम रहेगा।