एकेटीयू में 24 घंटे का हैकथॉन शुरू, 42 टीम अपने आइडिया को देंगी मूर्तरूप
लखनऊ। एकेटीयू में छात्रों की नवाचार क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को नवोन्मेष आइडिया चैलेंज 2025 हैकथॉन की शुरुआत की गई। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए बताया कि संबद्ध संस्थानों की 42 टीमें इस हैकथॉन में हिस्सा ले रही हैं। ये टीमें सोमवार से मंगलवार तक 24 घंटे लगातार काम करते हुए अपने विचारों को वास्तविक प्रोडक्ट के रूप में विकसित करेंगी। इस दौरान निर्णायक मंडल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन करेगा। विवि के इनोवेशन हब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को अपने आइडिया को व्यावहारिक रूप देने का मंच दिया जा रहा है। मंगलवार को हैकथॉन के विजेता प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सम्मानित करेंगी। कार्यक्रम में वित्त अधिकारी केशव सिंह, डीन इनोवेशन प्रो. बीएन मिश्रा, टीसीएस के राज्य प्रमुख अमिताभ तिवारी, एसोसिएट डीन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह और वंदना शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।