नवंबर में हुई थी राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा
नतीजे आने पर सफल बच्चों के चेहरों पर छा गई खुशी, मिठाई बांटी
फोटो संख्या 5, 29
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले के 232 छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। बृहस्पतिवार को नतीजे आने के बाद सफल हुए छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालयों में मिठाई खिलाकर सफल बच्चों का स्वागत किया गया। कई बच्चे तो बीएसए दफ्तर भी पहुंचे। सभी सफल बच्चों को अब कक्षा 9 से 12 तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी, जिससे वे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा नवंबर महीने में कराई गई थी, जिसमें 2783 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। परीक्षा में भाग लेने के लिए कक्षा आठ में अध्ययनरत 3088 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था, जिसमें से 305 बच्चे अनुपस्थित थे। परीक्षा देने वाले 2783 बच्चों में से 232 छात्र-छात्राओं ने सफलता अर्जित की है। ये सभी बच्चे अब कक्षा आठ उत्तीर्ण कर चुके हैं। इन सभी बच्चों को छात्रवृत्ति के लिए चयनित किया गया है, जिसका लाभ अगले चार वर्षों तक मिलता रहेगा। यानी कि कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये मिलेंगे। अमावां विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पिंडारी कला के चार, उच्च प्राथमिक विद्यालय पहरेमऊ के तीन, कंपोजिट विद्यालय जरैला एवं हैबतमऊ के एक-एक बच्चे का चयन हुआ है।
खंड शिक्षा अधिकारी रत्नामणि मिश्रा ने सभी का मुंह मीठा कराया। चयनित बच्चों में दीपांजलि, आशीष, अजीत कुमार, हिमांशु यादव, सोनम, आजाद, राजकरन, ज्योति, अंकित शामिल रहे। सतांव विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शंकरगंज के छह बच्चों नीतेश, आफरीन, निधि, दिव्यांशु, आकाश, मुस्कान का चयन हुआ है। विद्यालय में सभी बच्चों का अभिनंदन किया गया।
डीह प्रतिनिधि के मुताबिक पांच उच्च प्राथमिक विद्यालयों के आठ बच्चों ने सफलता अर्जित की है। डीह विकास क्षेत्र के 35 बच्चों ने परीक्षा दी थी। परिणाम घोषित हुआ तो संजना कुमारी (रोखा), शिवांश मिश्रा (पूरे जालिम), राज भारती, आदर्श व सुमित (बहुतई), विकास (बेतौरा), शिवांश व अचिन (थौरी) ने सफलता अर्जित की। इन सभी बच्चों को विद्यालयों में सम्मानित किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय रोखा में हुए कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक विजय बहादुर ने बच्चों को मिठाई खिलाई। रामविलास, रामनरेश, रूपा, शिवमती, शैलेंद्र त्रिवेदी उपस्थित रहे।