मसकनवा (गोंडा)। मुख्य चिकित्साधिकारी ने गुरुवार को मसकनवा पीएचसी व छपिया सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर सहित सात स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। गुरुवार को सुबह 9 बजे सीएमओ संतोष श्रीवास्तव निरीक्षण के लिए मसकनवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां तैनात डॉ. करुणा गुप्ता, एलटी अरुण कुमार, लैब सहायक विनोद पाठक व वार्ड बॉय अनूप कुमार गैरहाजिर मिले। वहीं, सीएचसी छपिया में चीफ फार्मासिस्ट भागीरथी पांडेय, नेत्र परीक्षण अधिकारी एके गुप्ता, नर्स मेंटर दीपिका मौर्या अनुपस्थिति मिलीं। स्वास्थ्य कर्मियों कीअनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने इन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ ने जेएसवाई, कोल्डचेन, ओपीडी, प्रसव कक्ष, लैब, औषधि कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर गंदगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर हर हाल में डॉक्टरों के रात्रि निवास करने का निर्देश दिया। मसकनवा स्वास्थ्य केंद्र पर क्षेत्रीय लोगों ने एंटीरैबीज वैक्सीन कई माह से न होने की शिकायत की।