नवाबगंज (गोंडा)। थाना क्षेत्र के दुल्लापुर गांव में गुरुवार देर शाम चूल्हे से निकली चिंगारी से लगी आग में छप्पर के पांच घर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से एक मवेशी भी झुलस गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। नवाबगंज थानाक्षेत्र के दुल्लापुर गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राम अचल ने बताया कि गांव के इंद्रपाल के घर में गुरुवार की देर शाम चूल्हे पर दूध गर्म किया जा रहा था, इसी बीच इंद्रपाल की पत्नी बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसे उठाने चली गई। तभी चूल्हे से निकली चिंगारी से उसके छप्पर के घर में आग लग गई। आग की लपटों ने पड़ोस के मेखीराम, चंद्रपाल, रामकृपाल व रामकिशुन के छप्पर के घर को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सभी के छप्पर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से मेखीराम की बछिया झुलस गई। आग में घरों में रखा सारा सामान जल गया। आग से 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों को मशक्क्त करनी पड़ी।